शिमला: शहर में गैस सिलिंडरों की बढ़ती किल्लत अब चोरी की घटनाओं को भी बढ़ावा देती नजर आ रही है। ताजा मामला कसुम्पटी क्षेत्र से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक घर का ताला तोड़कर चोर सिर्फ घरेलू गैस सिलिंडर उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, जलशक्ति विभाग से सेवानिवृत्त एसडीओ पी.सी. वर्मा अपनी पत्नी के साथ हिमुडा कॉलोनी में रहते हैं। बुधवार सुबह करीब 11 बजे दोनों कालीबाड़ी मंदिर में दर्शन के लिए घर से निकले थे। दोपहर करीब 2:30 बजे जब वे लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया।
घर के अंदर जाकर देखा तो सभी कीमती सामान सुरक्षित थे। यहां तक कि महंगा लैपटॉप भी अपनी जगह पर रखा मिला, लेकिन रसोई से गैस सिलिंडर गायब था। इससे साफ है कि चोर विशेष रूप से सिलिंडर चोरी करने के इरादे से ही घर में घुसे थे।
घटना की सूचना मिलते ही कसुम्पटी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले कृष्णानगर क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां घरवालों की गैरमौजूदगी में दो गैस सिलिंडर चोरी कर लिए गए थे। हालांकि उस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना



