कृषि उपज मंडी सोलन में बीते एक सप्ताह से टमाटर के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। एक सप्ताह से सोलन सब्जी मंडी में के दाम में टमाटर 11 सौ रूपए तक की वृद्धि हुई है। फसल के अच्छे दाम मिलने से किसानों में खुशी है। सोलन सब्जी मंडी में टमाटर के आढ़तियों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को टमाटर 1600 रूपए प्रति क्रेट के हिसाब से बिका।
बीते सप्ताह की बात करें तो बुधवार तक सोलन सब्जी मंडी में टमाटर का भाव मात्र पांच सौ रूपए प्रति क्रेट था, जो छह दिनों में बढ़कर 1600 रुपये तक पहुंचा है। मंगलवार को सब्जी मंडी में कम मात्रा में ही टमाटर की फसल पहुंची। पिछले एक दो दिनों से जिला में हो रही बारिश के चलते किसान टमाटर का तुड़ान नही कर पा रहे है। वहीं देश भर में हो रही बारिश से बैंगलुरू व नासिक का टमाटर मंडियों में नही पहुंच पाया है।
सोलन आढ़तियों की माने तो इन दिनों बैंगलुरू व नासिक का टमाटर देश भर की मंडियों में बिकने को पहुंचता है। लेकिन इस वर्ष वहां पर बारिश के चलते टमाटर का उत्पादन प्रभावित हुआ है, जिससे दिल्ली सब्जी मंडी में नासिक व बैंगलुरू का टमाटर मंहगा बिक रहा है। इसका प्रभाव सोलन मंडी में भी देखने को मिल रहा है। बाहरी राज्यों से काफी संख्या में व्यापारी इन दिनों टमाटर की खरीद के लिए सोलन पहुंच रहे है।
यही कारण है कि इन दिनों टमाटर के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। गौर हो कि बीते सप्ताह वीरवार को भी टमाटर के दामों में तीन सौ रूपए का उछाल आया था। वीरवार को टमाटर आठ सौ रूपए प्रति क्रेट की दर से बिका था। इसके बाद रविवार को सोलन सब्जी मंडी में साढे 12 सौ रूपए प्रति क्रेट के हिसाब से टमाटर बिका। टमाटर के दामों में बढ़ोतरी होने से किसानों के चेहरे पर खुशी है। वहीं आढ़तियों का कहना है कि आगामी दिनों में टमाटर के दाम बढ़ने की उम्मीद है।








