शिमला 24 सितंबर । बीते एक वर्ष से डेपूटेशन पर चल रही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटी की हिन्दी प्रवक्ता के विरोध में स्कूल प्रबंधन समिति ने शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है । डेपुटेशन रदद न होने की स्थिति में स्कूल प्रबंधन समिति कोटी ने धरना प्रदर्शन करने की बात कही है । स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान कंचन ठाकुर ने कहा कि बीते एक वर्ष से हिन्दी प्रवक्ता को विभाग ने छोटा शिमला स्कूल में डेपुटेशन पर भेजा गया है जिससे कोटी स्कूल के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है । उन्होने बताया कि एसएमसी के माध्यम से अनेक बार प्रस्ताव पारित करके शिक्षा विभाग को भेजे गए है परंतु विभाग द्वारा आजतक कोई भी कार्यवाही नहीं की गई है जिससे कोटी क्षेत्र के लोगों ने शिक्षा विभाग की कार्य प्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए गए है ।
प्रधान कंचन ठाकुर, सदस्य सुरेश कुमार, राजेश ठाकुर, कैलाश शर्मा , सुरेन्द्र शर्मा, देवदत्त शर्मा, रामकृष्ण , रमेश, निर्मला, हेमावती, सरिता, सरला, निशा, रीता सहित सभी अभिभावकों ने संयुक्त बयान में सरकार से हिन्दी प्रवक्ता का डेपुटेशन रदद करने की मांग की है । इनका कहना है कि स्कूल में करीब ढाई सौ बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे है परंतु हिन्दी प्रवक्ता न होने से बच्चे हिन्दी विषय पढ़ने से महरूम है । इनका कहना है कि एसएमसी ने इस बार निर्णय लिया है कि अगर हिन्दी प्रवक्ता का डेपुटेशन एक सप्ताह के भीतर रदद नहीं किया गया तो ऐसी स्थिति में सभी अभिभावक सर्वप्रथम स्कूल प्रांगण में धरना प्रदर्शन करेगें अगर फिर भी विभाग ने कोई कार्यवाही नहंी की तो सभी अभिभावक निदेशालय के बाहर धरना पर बैठेगें ।
कंचन ठाकुर ने बताया कि यदि विभाग हिन्दी प्रवक्ता को छोटा शिमला स्कूल में रखना चाहता है तो उनका स्थाई रूप से स्थानान्तरण किया जाए और कोटी स्कूल के लिए नया प्रवक्ता दे दिया जाए ताकि बच्चों का भविष्य अंधकारमय न बन सके ।
उप निदेश्क उच्च शिक्षा शिमला, लेखराज ने बताया कि प्रवक्ता स्तर के डेपुटेशन निदेशालय स्तर पर किए जाते हैं और डेपुटेशन को रदद करना अधिकार भी निेदेशक को ही हैं ।








