हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बीती रात ताजा बर्फबारी हुई। इसके बाद मनाली-लेह हाईवे पर वाहनों के लिए पूरी तरह रोक दिया गया है। क्षेत्र में फंसे लोगों को केलंग में ही रुकने की सलाह दी गई है।
ताजा बर्फबारी के बाद मनाली से भी आज बारालाचा व शिंकुला के लिए टूरिज्म की बसें भी नहीं भेजी जाएगी। दिल्ली-मनाली-लेह रूट पर चलने वाली हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस भी बंद कर दी गई है।
सूचना के अनुसार, बारालाचा, शिंकुला, कुंजम, रोहतांग में सात-सात इंच, जिसपा में एक इंच और लाहौल स्पीति के आखिरी गांव दारचा में भी दो इंच से ज्यादा ताजा हिमपात हुआ। हाईवे पर इससे फिसलन बढ़ गई है। ऐसी सड़क पर सफर करना जोखिमभरा हो गया है। उधर, चंबा के भरमौर तथा रोहड़ू के चांशल में भी सीजन का पहला हिमपात हुआ।
लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर बिछी बर्फ की सफेद चादर
पर्यटन सीजन पकड़ेगा रफ्तार
ऊंची चोटियों पर सफेद चांदी बिछने के बाद क्षेत्र में ठंड जरूर बढ़ी है, लेकिन इससे आने वाले दिनों में पर्यटन सीजन ओर रफ्तार पकड़ेगा। देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटक बीते आठ से 10 दिनों के दौरान बारालाचा, शिंकुला, दारचा, जिसपा आदि स्थानों पर बर्फ को देखने पहुंच रहे हैं।
लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद मनाली के पर्यटन कारोबारियों को अच्छे कारोबार की आस बंध गई है, क्योंकि मनाली आने वाले अधिकतर पर्यटक लाहौल स्पीति के अलग अलग क्षेत्रों में बर्फ देखने जरूर पहुंचते हैं।
लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। वहीं प्रदेश के अन्य भागों में बीती रात बारिश हुई। शिमला के अलावा बिलासपुर, ऊना, किन्नौर, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और ऊना के कई क्षेत्रों में रात में बारिश के बाद तापमान में कमी आई है। इससे खासकर ऊंचे क्षेत्रों में सुबह शाम हल्की ठिठुरन बढ़ी है। ऐसे में मैदानी राज्यों से जो व्यक्ति पहाड़ों पर घूमने का प्लान बना रहा हैं, उन्हें गर्म वस्त्र के साथ ही घर से निकलना चाहिए।
मौसम विभाग की माने तो आज भी प्रदेश के कुछेक स्थानों पर बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान है। कल और परसो दो दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन 13 अक्टूबर से फिर अगले दो दिन के लिए बारिश-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। अगर और बर्फबारी हुई तो इससे प्रदेश में सुबह शाम की ठंड बढ़ जाएगी..