शिमला 27 दिसंबर । मशोबरा ब्लॉक के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में शनिवार को डॉक्टरों की हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं ठप्प रही । हालांकि सिविल अस्पताल जुन्गा, सीएचसी मशोबरा में आपाताकालीन सेवाएं रोगियों को यथावत मिलती रही । हड़ताल के कारण रोगियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा । जुन्गा पंचायत के प्रधान बंसीलाल कश्यप, दरभोग पंचायत की प्रधान तनु भारद्वाज, कोटी पंचायत के प्रधान रमेश शर्मा, पूर्व प्रधान अतर सिंह ठाकुर , कूफरी पंचायत के उप प्रधान शशांक अत्री सहित अनेक लोगों ने बताया कि इस मुददे को राजनीतिक रंग देने की बजाए सौहार्दपूर्ण वातावरण में सुलझाया जाना चाहिए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं पर कोईं प्रतिकूल असर न पड़े । इनका कहना है कि सरकार को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है । बता दें कि सीएचसी कोटी, पीएचसी कूफरी, जटोली और ट्रहाई में डॉक्टरों की हड़ताल से मरीजों का काफी परेशानी झेलनी पड़ी। अधिकांश मरीजों को अपने इलाज के लिए शिमला अथवा सोलन प्राईवेट अस्पतालों में जाना पड़ा । इन्होने बताया कि इस आपसी मारपीट में डॉक्टर व मरीज दोनों गुनाहगार है तथा इस मुददे को मिल बैठकर सुलझा दिया जाना चाहिए ताकि स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सेवाएं दुबारा बहाल हो सके ।








