शिमला में पर्यटकों से ठगी करने के मामले थम नहीं रहे हैं। आए दिन टूअर पैकेज के नाम पर पर्यटकों से ठगी हो रही है। अब शातिरों ने गुड़गांव हरियाणा से शिमला घूमने आए एक व्यक्ति को ठगी का शिकार बनाया है। व्यक्ति से कुल टूअर पैकेज के नाम पर 1 लाख 52 हजार 685 रुपए की ठगी की गई है। हरियाणा गुड़गांव के रहने वाले रोहित सोनी ने पुलिस को शिकायत दी है कि 2 जुलाई को जब वह शिमला मालरोड पर लिफ्ट के समीप परिवार सहित घूम रहा था, शाम करीब 5 बजे एक व्यक्ति उसके पास आया और उसने कहा कि एक निजी होटल अपनी वार्षिक जुबली मना रहा है।
इस मौके पर होटल साल का पैकेज दे रहा है। इसके बाद शातिर उन्हें होटल ले गया तथा वहां पर 2 लोगों से मुलाकात करवाई। इन दोनों ने उसे टूअर पैकेज के नाम पर व्यक्ति को ठगी का शिकार बनाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शातिरों का पता लगाने के लिए पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शातिरों का पता लगाया जाएगा। शिमला में पर्यटकों से ठगी के मामले इससे पहले भी सामने आए हैं। हैरानी इस बात की है कि ऐसे कौन शातिर हैं जो बार-बार टूअर पैकेज देने के नाम पर ठगी कर रहे।








