हमीरपुर, 28 फरवरी
सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की घोषणाएं सिर्फ जुमले साबित हुई हैं। झूठे वादों के सहारे सत्ता तक पहुंचने वाले सुक्खू ने सुजानपुर की जनता को भी ठगने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसलिए जनता अब सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी और इसके लिए 5 मार्च का दिन तय कर दिया गया है।
यहाँ जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने साफ कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं “हवा-हवाई” साबित हुई हैं, और अब जनता उनके झूठ का जवाब देगी।
राजेंद्र राणा ने तीखे शब्दों में सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 5 मार्च को सुजानपुर की जनता मुख्यमंत्री की वादा-खिलाफी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेगी। सुजानपुर में रैली निकाली जाएगी और धरना देकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा कि दो साल बीत जाने के बाद भी उनकी घोषणाओं का क्या हुआ?
*मुख्यमंत्री की घोषणाएं बनी मजाक, जनता देगी जवाब*
राजेंद्र राणा ने कहा कि 5 मार्च 2023 को सुजानपुर होली महोत्सव में मुख्यमंत्री सुक्खू के समक्ष एक विधायक के रूप में उनके द्वारा रखी गई सभी 6 मांगों पर सार्वजनिक मंच से छह बड़े ऐलान किए थे और इन्हें अमलीजामा फैलाने का ऐलान किया था। राजेंद्र राणा ने कहा कि 5 मार्च 2023 को मुख्यमंत्री ने सुजानपुर के मंच से टोनी देवी में डिग्री कॉलेज खोलने, सुजानपुर के अस्पताल को 100 बेड में अपग्रेड करने, सुजानपुर में आधुनिक बस अड्डे का निर्माण करने, सुजानपुर डिग्री कॉलेज में अंग्रेजी और अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने, जल शक्ति विभाग और विद्युत विभाग के सुक्खू सरकार द्वारा बंद कर दिए गए डिवीजन को पुनः क्रियाशील करने का सार्वजनिक ऐलान किया था और वाही वाही लूटी थी।
लेकिन अब दो साल बीतने के बाद भी इन घोषणाओं में से एक भी पूरी नहीं हुई। मुख्यमंत्री ने जनता के साथ जो वादे किए थे, वे अब धूल खा रहे हैं। राजेंद्र राणा ने साफ कहा कि अगर 5 मार्च तक मुख्यमंत्री ने अपनी इन घोषणाओं को अमलीजामा नहीं पहनाया तो सुजानपुर की जनता सुजानपुर में रैली निकालेगी और प्रदर्शन करेगी। यही नहीं राजेंद्र राणा ने यह भी चेतावनी दी की मुख्यमंत्री जब भी सुजानपुर आएंगे तो यहां की जनता वादा खिलाफी के लिए उनका घेराव भी करेगी। यहां के युवा मुख्यमंत्री से सवाल पूछेंगे कि उन्हें अभी तक रोजगार क्यों नहीं मिला और यहां की महिलाएं भी उनसे सवाल करेंगी की 1500: 1500 उनके खाते में डालने का उनका वायदा पूरा क्यों नहीं हुआ।
*सुजानपुर उपचुनाव में झूठे वादों से जनता को ठगा*
राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुजानपुर उपचुनाव के दौरान सुक्खू ने जनता को यह कहकर बरगलाया था कि वह यहां के विधायक के साथ-साथ खुद मुख्यमंत्री भी हैं, इसलिए सुजानपुर की हर मांग पूरी होगी। उन्होंने महिलाओं को ₹1500 प्रति माह देने का सपना दिखाया और उनसे फॉर्म भरवाए गए, लेकिन बाद में इन फॉर्म्स को सतलुज नदी में बहा दिया गया। बेरोजगार युवाओं से नौकरियों के झूठे वादे किए गए, लेकिन आज तक किसी को रोजगार नहीं मिला।
*सुजानपुर की जनता सड़कों पर उतरेगी!*
राजेंद्र राणा ने कहा कि अब जनता के सब्र का बांध टूट चुका है। 5 मार्च को जब सुजानपुर की जनता सड़क पर उतरेगी, तो मुख्यमंत्री को उनकी वादा-खिलाफी की याद दिलाई जाएगी। अगर मुख्यमंत्री को लगता है कि जनता उनकी झूठी राजनीति को भूल जाएगी, तो यह उनकी सबसे बड़ी भूल होगी।
उन्होंने कहा कि वादा खिलाफी करने के लिए सुजानपुर की जनता में अब सुक्खू सरकार के खिलाफ आक्रोश चरम पर है और जनता धरना प्रदर्शन करके अपने इस आक्रोश को जाहिर करेगी।