शिमला/सिरमौर:
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र की पौका पंचायत ने लोकतांत्रिक परिपक्वता और आपसी सहमति की मिसाल पेश की है। पंचायत में प्रधान पद पर श्रीमती ममता शर्मा और उपप्रधान पद पर श्री पंकज चौहान निर्विरोध चुने गए हैं।
ग्रामीणों ने आपसी सहमति से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और बिना मुकाबले के संपन्न कर एक सकारात्मक संदेश दिया है। इस पहल के तहत पंचायत अब राज्य सरकार की प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत ₹25 लाख की पुरस्कार राशि की हकदार बनेगी।
गौरतलब है कि पंचायती राज विभाग द्वारा निर्विरोध चुनी गई पंचायतों को प्रोत्साहित करने के लिए ग्रांट-इन-एड के रूप में पुरस्कार देने की योजना लागू की गई है। इसका उद्देश्य पंचायत स्तर पर सौहार्दपूर्ण वातावरण और सहमति आधारित नेतृत्व को बढ़ावा देना है।
पौका पंचायत का यह कदम न केवल क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि अन्य पंचायतों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है।


