सराज की ग्राम पंचायत कलहनी के गांव लुगाड़ी में सोमवार रात करीब 11 बजे 4 कमरों का दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया है जिससे करीब 1.5 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। मकान सेतु देवी पत्नी तरु राम, तेज राम, रमेश कुमार और मोती राम पुत्र तरु का था जिसकी निचली मंजिल के 2 कमरों में मवेशी बंधे हुए थे जबकि एक कमरे में घास तथा दूसरे में प्रभावित परिवार की मां रहती थी। जिस समय आग लगी उस समय एक प्रभावित के दूसरे घर में समारोह चल रहा था।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मवेशियों को तुरंत बाहर निकाला और आग बुझाने में जुट गए लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं हो पाए। आग कैसे लगी इसके कारणों को अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पटवारी हंस राज ने कहा कि नुक्सान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित सेतु देवी को फौरी राहत के तौर पर एक हजार रुपए की राशि दी गई है। पंचायत उपप्रधान रूप चंद सिंह ठाकुर ने सरकार व प्रशासन से उचित आर्थिक मदद करने की मांग की है।



