शिमला: हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य की ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है।
अटल टनल रोहतांग सहित ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार शाम से रुक-रुककर बर्फ के फाहे गिरने लगे। सैलानियों ने ताजा बर्फबारी का आनंद लिया। जोत में 2.2 मिमी और धर्मशाला में 1.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि मनाली में बूंदाबांदी हुई।
जनजातीय जिलों में पहले से ही न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा था। बर्फबारी और बारिश के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -2.6 डिग्री, ताबो में -2.4 डिग्री और कल्पा में 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं राजधानी शिमला सहित मध्य व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। ऊना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि शिमला में अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री रहा।
अन्य प्रमुख स्थानों में शिमला और सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 8.5-8.5 डिग्री, भुंतर में 7.6, धर्मशाला में 10.2, ऊना में 10.6, नाहन में 11.3, पालमपुर में 9, सोलन में 6.8, मनाली में 3.5, कांगड़ा में 10.4, मंडी में 9.4, बिलासपुर में 11.5, जुब्बड़हट्टी में 9.2, सेओबाग में 5.3, बरठी में 8.6, पांवटा साहिब में 13, सराहन में 6.3, देहरा गोपीपुर में 13 और नेरी में 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश में पूरे सप्ताह मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। आगामी चार से पांच दिनों के दौरान कहीं भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।






