शिमला
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच हल्की बारिश हो रही है. मंगलवार सुबह की शुरुआत हल्की बारिश के साथ हुई है. मौसम विभाग ने सूबे के मैदानी और मध्य पर्वतीय 10 जिलों में सात से 10 सितंबर तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. 12 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है. सोमवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा. हालांकि, धर्मशाला, नालागढ़ और बिलासपुर में बारिश हुई. वहीं, शिमला के रामपुर के ज्यूरी में हुए लैंडस्लाइड के चलते किन्नौर को जोड़ने वाल हाईव अब भी बंद है.
किन्नौर जिले के वांगतू-काफनू संपर्क सड़क पर रविवार सुबह पहाड़ी से भारी भरकम चट्टाने दरकने से भावावैली की तरफ यातायत ठप हो गया है. मार्ग बाधित होने से क्षेत्र की पांच पंचायतों का संपर्क कट गया है. वहीं लोक निर्माण विभाग बाधित मार्ग को बहाल करने में जुटा है. रविवार सुबह 6 बजे पहाड़ी से चट्टानें खिसकने का क्रम जारी हुआ है और देखते ही देखते भावा संपर्क सड़क पर छेटेटांग ती यानी झरने के पास 40 मीटर सड़क पूरी तरह से पत्थरों की चपेट में आ गई थी. मार्ग बाधित होने से भावावैली की कटगांव, यांगपा-1, यांगपा-2, काफनू और क्राबा पंचायत का संपर्क देश दुनिया से कट गया है.








