हिमाचल में मौसम खराब रहने के पूर्वानुमान के बीच शनिवार को अधिकतम तापमान में चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। मैदानी क्षेत्रों सहित हिल स्टेशनों पर भी गर्मी से पसीने छूटने शुरू हो गए हैं। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 38 और शिमला में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान चढ़ने के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
शुक्रवार रात को ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, नाहन में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज हुआ। प्रदेश में चढ़ते पारे के बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के छह मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कुछ क्षेत्रों में रविवार से मंगलवार तक अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। 10 से 12 मई तक जारी हुए येलो अलर्ट के दौरान तापमान में भी कमी आने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी इस दौरान बारिश होने की संभावना है। पूरे प्रदेश में 13 मई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने के आसार हैं।