सोलन
सोलन जिले के करालघाट क्षेत्र में सूर देवता मंदिर के समीप एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक पेड़ से लटका हुआ मिला, जबकि कुछ दूरी पर एक युवती हेलमेट पहने अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। युवती प्रथम दृष्टया मृत प्रतीत हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट भोजनगर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस थाना परवाणू के प्रभारी और एसडीपीओ परवाणू भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को मौके पर बुलाया। अनौपचारिक पूछताछ में सामने आया है कि युवक और युवती एक-दूसरे को जानते थे, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
मृतकों की पहचान याशिका लामा (20 वर्ष), निवासी नेपाल (वर्तमान में देओंघाट) और करण (21 वर्ष), निवासी गांव पदग्यानी, कुमारहट्टी, जिला सोलन के रूप में हुई है।
घटनास्थल की गहन जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य एकत्रित कर रही है। एफएसएल की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जो कल कराया जाएगा।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच जारी है, आत्महत्या या अन्य कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं



