बीजिंग
चीन ने सोमवार को अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ‘सक्रिय कदम’ उठाकर युद्ध प्रभावित अफगानिस्तान को सहायता प्रदान करने का आह्वान किया जिससे देश में आर्थिक संकट को कम करने में मदद मिल सके.
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता में कहा, ‘अफगान तालिबान को अपनी प्रतिबद्धता पर खरा उतरना चाहिए और सभी आतंकवादी ताकतों से ईमानदारी से अलग रहना चाहिए और उन पर नकेल कसने के लिए प्रभावी उपाय करने चाहिए.’
उन्होंने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए आतंकवाद एक साझा खतरा बना हुआ है. चीन अन्य देशों के साथ काम करने के लिए तैयार है ताकि अफगानिस्तान को आतंकवाद का गढ़ और सुरक्षित पनाहगाह बनने से रोका जा सके और संयुक्त रूप से क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की रक्षा की जा सके.’
अफगानिस्तान में आर्थिक मंदी को रोकने के लिए अफगानिस्तान को सहायता की संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस की अपील पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर, झाओ ने कहा कि चीन ने युद्धप्रभावित देश को 20 करोड़ युआन (लगभग 3.1 करोड़ अमरीकी डालर) प्रदान करने की प्रतिबद्ध जतायी है जिसमें भोजन, सर्दियों के कपड़े और दवाएं शामिल हैं.







