Home » दूरबीन से अंतरिक्ष की सैर कर रहे दुर्गापुर स्कूल के विद्यार्थी

दूरबीन से अंतरिक्ष की सैर कर रहे दुर्गापुर स्कूल के विद्यार्थी

 

दुर्गापुर स्कूल में स्थापित दूरबीन बना विद्यार्थियों और लोगों के आकषर्ण का केंद्र

 

शिमला, 14 नवंबर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दुर्गापुर में स्थापित दूरबीन विद्यार्थियों के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस दूरबीन के माध्यम से विद्यार्थी आकाशीय पिंडों और खगोलीय गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से समझ रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन की इस पहल से विद्यार्थियों में विज्ञान और खगोल विज्ञान के प्रति विशेष रुचि विकसित हो रही है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और खगोल विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में दूरबीन स्थापित की गई है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि दूरबीन के माध्यम से आकाशीय पिंडों का अवलोकन करना विद्यार्थियों के लिए बेहद रोचक और नया अनुभव साबित हो रहा है। इससे उन्हें अंतरिक्ष, खगोलीय घटनाओं और ब्रह्मांड से जुड़ी विभिन्न जानकारियों को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिल रहा है।

प्रधानाचार्य के अनुसार, बीते दिनों क्षेत्र के 13 विद्यालयों के कुल 259 विद्यार्थियों ने दुर्गापुर स्कूल पहुंचकर दूरबीन के माध्यम से खगोलीय गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ अभिभावक और क्षेत्र के अन्य लोग भी इस सुविधा का लाभ उठाकर आकाशीय पिंडों को देख चुके हैं।

दुर्गापुर स्कूल में स्थापित यह दूरबीन अब केवल विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य विद्यालयों के बच्चों के लिए भी खगोल विज्ञान को करीब से जानने का माध्यम बन रही है। इससे क्षेत्र में विज्ञान शिक्षा को व्यावहारिक और रोचक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *