शिमला, 14 नवंबर। जब सरकारी बजट उपलब्ध नहीं हुआ तो धाली पंचायत के ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली दूर करने के लिए खुद ही कमान संभाल ली। जुन्गा तहसील की ग्राम पंचायत धाली के लोगों ने श्रमदान के माध्यम से शिल्ली से नीन सड़क की मरम्मत कर सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी की अनूठी मिसाल पेश की है। करीब सात किलोमीटर लंबी इस सड़क के तीन किलोमीटर से अधिक हिस्से को ग्रामीणों ने अपने श्रम और सहयोग से संवार दिया है। खास बात यह है कि इस कार्य के लिए ग्रामीणों ने किसी सरकारी धनराशि का इंतजार करने के बजाय स्वयं आगे आकर जिम्मेदारी उठाई है।
इस अभियान में पंचायत प्रधान अनोखी राम, उपप्रधान देवेंद्र शर्मा, सहकारी सभा के सचिव अमर सिंह ठाकुर सहित धाली बागड़ा, शिल्ली और पनीसेर गांव के ग्रामीण बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। पिछले चार दिनों से ग्रामीण लगातार श्रमदान कर सड़क पर मिट्टी और पत्थर डालकर गड्ढों को भरने तथा मार्ग को आवागमन के योग्य बनाने में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों की मेहनत और सामूहिक प्रयासों से अब तक तीन किलोमीटर से अधिक सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष हिस्से को भी इसी तरह दुरुस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
पंचायत प्रधान अनोखी राम ने बताया कि धाली हाल ही में नई पंचायत बनी है, लेकिन अभी तक पंचायत को रास्तों और एंबुलेंस सड़कों की मरम्मत के लिए कोई धनराशि उपलब्ध नहीं हुई है। शिल्ली से नीन सड़क लंबे समय से खस्ताहाल थी। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की मरम्मत के लिए सरकारी धनराशि उपलब्ध नहीं होने के कारण समस्या बनी हुई थी। ऐसे में सहकारी सभा के सचिव अमर सिंह ठाकुर ने ग्रामीणों को इस कार्य के लिए प्रेरित किया, जिसके बाद लोगों ने स्वयं श्रमदान कर सड़क सुधारने का निर्णय लिया।
अमर सिंह ठाकुर ने बताया कि इस क्षेत्र में वर्ष 1996 तक सड़कों का नामोनिशान तक नहीं था। उस समय धाली बागड़ा और शिल्ली वार्ड के लोगों ने पीरन पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ मिलकर ग्राम ट्राई से नीन और कोटी तक करीब 15 किलोमीटर सड़क का निर्माण जनसहयोग और श्रमदान से किया था। उस दौर में भी ग्रामीणों की एकजुटता और सामूहिक मेहनत ने विकास की अनूठी मिसाल कायम की थी। अब एक बार फिर उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत का जिम्मा उठाया है।
प्रधान अनोखी राम ने बताया कि शिल्ली से नीन सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों ने शिल्ली से चलोग पजाल तक सड़क को भी दुरुस्त करने का संकल्प लिया है। इस अभियान में भाग लेने वाले लोगों के लिए सड़क पर ही भोजन आदि की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि सभी ग्रामीण मिलकर इस कार्य को आगे बढ़ा सकें।


