जीतनगर बाजार समेत तालाब, बावड़ी और शनि मंदिर परिसर की सफाई
शिमला 25 सितंबर। ग्राम पंचायत जनेड़घाट में शुक्रवार को स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत ग्राम पंचायत प्रधान शुचिता आन्नद, पंचायत सचिव राजीव ठाकुर, रामभज, रीना, सुदेश, शिवदत्त सहित पंचायत के अन्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने जीतनगर बाजार में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान तालाब, बावड़ी, शनि मंदिर परिसर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जमा कूड़े-कचरे को एकत्रित कर उचित तरीके से निस्तारित किया गया।
पंचायत सचिव राजीव ठाकुर ने बताया कि स्वच्छता अभियान आगामी दो अक्टूबर तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पंचायत के सभी गांवों में चरणबद्ध तरीके से सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान बरसात के कारण रास्तों के किनारे उगी झाड़ियों की कटिंग करने के साथ-साथ रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर पड़े पॉलीथीन व अन्य कचरे को भी हटाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए स्थानीय लोगों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने पंचायतवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फेंकने की अपील की।
जनेड़घाट पंचायत के सभी गांवों में चलेगा स्वच्छता अभियान-राजीव ठाकुर

