हिमाचल प्रदेश में तीन जनवरी तक मौसम साफ रहेगा। चार जनवरी को पूरे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। प्रदेश के चार मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में बुधवार सुबह घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार रात और सोमवार तड़के हुई बर्फबारी के बाद मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली। हल्के बादल छाए रहने के चलते अधिकतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री की कमी दर्ज हुई है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शीतलहर जारी है। पूरे प्रदेश के मौसम में ठंडक बनी हुई है।
मैदानी जिलों में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा । दोपहर बाद ही कई क्षेत्रों में मौसम साफ होने पर धूप खिली। बुधवार को भी घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी हुई है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम मिलाजुला बना रहा।










