Home »  पीरन स्कूल  में एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित

 पीरन स्कूल  में एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित

छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी जानकारी
शिमला  2 अगस्त। स्वास्थ्य विभाग ट्रहाई के सौजन्य से जुन्गा तहसील के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पीरन में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 10 पात्र किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ट्रहाई की चिकित्सा अधिकारी डॉ0 दिव्या वर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में जागरूकता बढ़ाना तथा भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को कम करना है। विभाग द्वारा विभिन्न विद्यालयों में इस तरह के टीकाकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) एक सामान्य वायरल संक्रमण है, जो महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) का प्रमुख कारण माना जाता है। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में लगाया गया यह टीका अधिक प्रभावी माना जाता है और भविष्य में महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर डुब्लू की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रानी ठाकुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए टीकाकरण के दौरान छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, इसके संभावित दुष्प्रभावों, बचाव के उपायों तथा टीकाकरण के लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होने  बताया कि समय पर टीकाकरण करवाकर कई गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है। इस शिविर में स्टाफ नर्स सपना ने अपना सहयोग दिया ।
प्रधानाचार्य राकेश वर्मा ने विद्यालय में एचपीवी टीकाकरण बारे विशेषकर छात्राओं को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया । उन्होने कहा कि कहा कि इस प्रकार के जागरूकता एवं टीकाकरण कार्यक्रम विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *