Home » लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्णः एकता कापटा

लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्णः एकता कापटा

 

राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर नाहन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

नाहन, 16 नवंबर। अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता कापटा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहती है। एकता कापटा ने आज यहां राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जिला सिरमौर के नाहन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

एकता कापटा ने राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम ही नहीं, अपितू जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने, शासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने के साथ-साथ समाज को जागरूक करने का भी सशक्त माध्यम है।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि भारतीय प्रेस परिषद द्वारा इस वर्ष राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के लिए निर्धारित विषय ‘पत्रकारिता सनसनी या जिम्मेदारी’ पर अपने विचार साझा करते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से मीडिया में नैतिकता को जिम्मेदार पत्रकारिता की आधारशिला बताया और कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता, निष्पक्षता, तथ्यात्मकता, संतुलन और नैतिक मूल्यों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाचार प्रकाशन एवं प्रसारण में तथ्यों की पुष्टि, विभिन्न पक्षों को उचित स्थान देना तथा जनहित को सर्वाेपरि रखना नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते डिजिटल मीडिया के दौर में पत्रकारों के लिए मीडिया की नैतिकता और भी महत्वपूर्ण हो गई है। पत्रकारिता में विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन भी अनिवार्य है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता सूरत पुंडीर ने ‘पत्रकारिता सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सही, निष्पक्ष और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध करवाना है। समाचारों में सनसनी पैदा करने के बजाय तथ्यों, विश्वसनीयता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और इसकी सार्थकता समाज के प्रति जवाबदेही तथा पत्रकारों की निष्पक्ष कार्यशैली में निहित है।

कार्यक्रम के आरंभ में जिला लोक संपर्क अधिकारी ममता नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने वर्तमान समय में सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि सूचनाओं की तेज गति के बीच उनकी सत्यता की पुष्टि करना और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकना पत्रकारिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को समाचार प्रस्तुत करते समय संवेदनशीलता, संतुलन और तथ्यों की प्रमाणिकता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में पाठकों एवं दर्शकों का विश्वास बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा की गई। पत्रकारिता के विद्यार्थियों को भी इस अवसर पर मीडिया के क्षेत्र में पेशेवर नैतिकता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के महत्व को समझने का अवसर मिला।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों सहित नाहन महाविद्यालय के पत्रकारिता के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *