हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी के गुल्लरवाला के रहने वाले एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी सगाई टूटने के बाद वह डिप्रेशन में था और उसने जहर का सेवन कर लिया। बेहोशी की हालत में उसे पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचाया गया, जहां चार दिन बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक मनप्रीत के पिता गुरदेव ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का रिश्ता पंचकूला में हुआ था। दोनों परिवार इस रिश्ते से खुश थे। जैसे ही सगाई की तिथि नजदीक आई तो लड़की पक्ष ने इनकार कर दिया। लड़की के पिता ने उनके बेटे को कहीं मिलने के लिए बुलाया और सगाई करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद बेटा मानसिक तनाव में रहने लगा। डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर धारा 306 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच चल रही है।







