बीबीएन औद्योगिक क्षेत्र में 3 सड़क हादसों में 1 युवक की मौत हो गई जबकि 3 लोग घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला अमन कुमार के बयान पर दर्ज किया गया कि बुधवार देर शाम डोडुवाल चौक की तरफ से एक बाइक पर एक व्यक्ति डाबर चौक (मानपुरा) की तरफ जा रहा था तो उसी समय एक ट्रक का चालक ट्रक को मानपुरा की तरफ से बड़ी तेज रफ्तारी व लापरवाही से चलाते हुए आया तथा बाइक को गलत दिशा में जाकर टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उक्त बाइक चालक बाइक सहित सड़क पर गिर गया, जिससे उसके सिर पर गहरी चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुन सिंह (33) पुत्र मदन लाल निवासी गांव माहमला छियाछी, तहसील रामशहर, जिला सोलन के रूप में हुई। उक्त युवक कम्पनी से छुट्टी के बाद दिवाली पर घर जा रहा था लेकिन रास्ते में ट्रक ने उसे मौत का ग्रास बना दिया। ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया।








