शिमला, फरवरी 2026।
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने कॉन्ट्रैक्ट आधार पर कार्यरत लेक्चररों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें नियमित लेक्चरर (स्कूल-न्यू) का लाभ देने के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में निदेशालय, स्कूल शिक्षा हिमाचल प्रदेश द्वारा कार्यालय आदेश जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार, सरकार द्वारा पूर्व में लिए गए नीतिगत निर्णय और भर्ती एवं पदोन्नति नियमों (R&P Rules) के तहत संबंधित लेक्चररों की सेवाओं को नियमित माना गया है। कई शिक्षकों की “डिम्ड रेगुलर अपॉइंटमेंट” की तिथि 6 फरवरी 2007 से प्रभावी मानी जाएगी।
जारी सूची के अनुसार ओम प्रकाश (इतिहास), अर्चना (हिंदी), जया गुलेरिया (अंग्रेजी), हरीश भारद्वाज (भूगोल), मिलाप चंद (अर्थशास्त्र), आशी सूद (अर्थशास्त्र), प्रवीण कुमार (राजनीति शास्त्र), कमलजीत (हिंदी), अरविंद कुमार (कॉमर्स) और रविंदर कुमार (कॉमर्स) सहित कुल 10 लेक्चररों को नियमित नियुक्ति का लाभ प्रदान किया गया है।
इनमें से अधिकांश की तैनाती कांगड़ा और संबंधित क्षेत्रों के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियमित नियुक्ति की तिथि 6 फरवरी 2007 मानी जाएगी, जबकि कुछ मामलों में पूर्व निर्धारित तिथियों से राहत दी गई है।
शिक्षा विभाग के इस फैसले से संबंधित शिक्षकों को वेतन, वरिष्ठता और अन्य सेवा लाभों में फायदा मिलेगा। शिक्षकों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है।







