कुछ दिन पहले ये दावा किया गया कि सीएम सुक्खू ने हाउस-ऑफ-लॉर्ड्स को संबोधित किया, ऐसा करने वाले वो देश के पहले सीएम हैं.
मंडी: कुछ दिन पहले सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने नीजि दौरे पर लंदन गए थे. इस दौरान कुछ ऐसी खबरें चलीं, जिसमें दावा किया गया कि सीएम सुक्खू ने हाउस ऑफ लॉर्ड्स को संबोधित किया और ऐसा करने वाले वो देश के पहले सीएम बने हैं. अब पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने इस दावे को झूठ का पुलिंदा बताया है.
जयराम ठाकुर के कार्यालय ने ईमेल के माध्यम से जब हाउस ऑफ लॉर्ड्स से इसकी जानकारी मांगी तो वहां से ऐसे किसी भी संबोधन को लेकर पूरी तरह से इनकार कर दिया गया है. जयराम ठाकुर ने ईमेल के माध्यम से आई जानकारी के बाद मीडिया को जारी अपने बयान में कहा कि ‘सुखविंदर सिंह सुक्खू ब्रिटिश पार्लियामेंट से झूठे सर्टिफाइड होने वाले देश के पहले सीएम बने हैं. इसके पहले वो हिमाचल प्रदेश विधानसभा में भी झूठे सर्टिफाइड हो चुके हैं. हिमाचल के किसी सीएम ने 24 सितंबर को किसी भी हाउस ऑफ लॉर्ड्स को संबोधित नहीं किया था. सबसे हैरानी की बात ये है कि 19 सितंबर के बाद हाउस ऑफ लॉर्ड्स की कोई कार्यवाही ही नहीं हुई थी. ऐसे में मुख्यमंत्री और उनकी मंडली इस तरह के झूठे दावे करके क्या हासिल करना चाहती है वो समझ के परे है.’
झूठ बोलना सीएम की आदत
जयराम ठाकुर ने कहा कि झूठ बोलना, अफवाह फैलाना सीएम और उनकी टीम की आदत बन गई है और सरकार चलाने के लिए भी झूठ का ही सहारा लिया जा रहा है. इसीलिए वो अपनी इस आदत से बाज नहीं आते हैं. इस तरह के झूठ बोलकर वो अपनी गरिमा गिरा रहे हैं. साथ ही जिस सरकारी मशीनरी का प्रयोग करके वो झूठ बोल रहे हैं, उनकी भी साख दांव पर लगा रहे हैं. प्रदेश को गुमराह करने के लिए समाचार पत्रों के माध्यम से एक सफेद झूठ प्रकाशित करने के लिए उन्हें प्रदेशवासियों और सभी समाचार पत्रों से माफी मांगनी चाहिए. झूठ के पांव नहीं होते और उनके हर झूठ का दस्तावेज हम उन्हें उपलब्ध करवाते रहेंगे.








