शिमला, 24 फरवरी।
जिला पुलिस शिमला ने छोटा शिमला स्थित मंदिर में हुई दान पेटी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी हुई दान पेटी और नकदी भी बरामद कर ली है।
थाना पूर्व (PS East) में अभियोग संख्या 16/2026 दिनांक 23.02.2026 को धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) (पूर्व धारा 379 IPC) के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार 23 फरवरी की सुबह लगभग 5:30 बजे वह छोटा शिमला मंदिर पहुंचे और दान पेटी को मंदिर के अंदर से निकालकर मुख्य गेट के बाहर रखकर पूजा करने लगे। करीब 6:30 बजे जब वह बाहर आए तो दान पेटी गायब मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना पूर्व शिमला की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी जय प्रकाश (31 वर्ष) पुत्र श्री जलम सिंह, निवासी गांव फागू, डाकघर कांडो, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच के दौरान चोरी की गई दान पेटी गांव कुम्हाली (कुसुम्पटी वन क्षेत्र) के पास बरामद की गई। आरोपी के कब्जे से नकद राशि भी बरामद की गई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस शिमला ने धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि दान पेटियों एवं अन्य मूल्यवान वस्तुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त निगरानी, CCTV कैमरे और सतर्कता सुनिश्चित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।






