हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट और अर्की, फतेहपुर व जुब्बल कोटखाई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान आज होगा । राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चारों सीटों पर प्रातः आठ बजे से शाम छह बजे तक मतदान करवाया जाएगा। इस दौरान कोविड संबंधी दिशा-निर्देशों की सख्त अनुपालना जरूरी है। चारों सीटों पर 18 उम्मीदवार चुनावी समर में हैं। इनमें मंडी लोकसभा सीट से छह, फतेहपुर विधानसभा सीट से पांच, कोटखाई से चार और अर्की से तीन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।
प्रदेश की चारों सीटों पर उपचुनाव में कुल 15 लाख 50 हजार 552 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसमें 7 लाख 87 हजार 926 पुरुष और 7 लाख 62 हजार 626 महिलाएं तथा 5 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र में 12 लाख 99 हजार 756 मतदाता मत डालेंगे। अर्की विधानसभा क्षेत्र से 92609, फतेहपुर से 87222 और जुब्बल कोटखाई से 70965 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अहम बात यह है कि उपचुनाव में 18 से 19 वर्ष के 38305 मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।
चारों सीटों पर उपचुनाव के लिए कुल 2796 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मंडी संसदीय सीट पर सर्वाधिक 2365, फतेहपुर में 141, अर्की में 154 और जुब्बल कोटखाई में 136 मतदान केंद्र हैं। 48 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील और 276 मतदान केंद्रों को संवेदनशील चिन्हित किया गया है। मंडी संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत लाहौल-स्पीति जिला का टाशीगंगा मतदान केंद्र सबसे अधिक ऊंचाई पर स्थित है। इस मतदान केंद्र की समुद्रतल से ऊंचाई 15256 फीट है। इसी संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत जिला कुल्लू के बंजार विाधनसभा क्षत्र का शाक्टी मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए मतदान दल को 24 किलोमीटर का पैदल सफर तय करना पड़ा है।
उपचुनाव के दौरान 40 मतदान केंद्र महिलाओं द्वारा संचालित किए गए हैं। वहीं 36 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। तीन मतदान केंद्रों को दिव्यांग मतदान दल संचालित कर रहे हैं। सभी सीटों पर भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच कांटे का मुकाबला है। उपचुनाव की सबसे हाट सीट मानी जाने वाली जुब्बल कोटखाई में दिवंगत भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा के पुत्र चेतन बरागटा के निर्दलीय चुनाव लड़ने से रोचक मुकाबला होने के आसार हैं। मंडी लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह कांग्रेस की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। यहां उनका मुकाबला कारगिल हीरो के तौर पर पहचान बनाने वाले भाजपा के ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर से है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह क्षेत्र होने के कारण इस सीट पर उनकी प्रतिष्ठा दांव पर है। फतेहपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के मंत्री रहे राजन सुशांत के निर्दलीय उतरने ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अर्की सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच है। उपचुनाव में सात निर्दलीय उम्मीदवारों के अलावा हिमाचल जनक्रांति पार्टी के दो और राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी का एक उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में है।