Preneeta Sharma
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है, जिसमें इंफ्लुएंसर Ishita Pundir ने भारतीय फौजियों की वफादारी पर सवाल उठाते हुए कथित तौर पर दावा किया कि “90% फौजी अपनी गर्लफ्रेंड और परिवार के प्रति लॉयल नहीं होते।” इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है।
यूजर्स का कहना है कि बिना किसी ठोस सर्वे या प्रमाण के इस तरह का बयान देना न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि देश के सैनिकों की छवि को भी ठेस पहुंचाता है। कई लोगों ने इसे “सस्ती लोकप्रियता पाने का तरीका” बताया और इंफ्लुएंसर्स पर कंटेंट के नाम पर सीमा पार करने का आरोप लगाया है।
बल्कि हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर Ishita Pundir के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है। यह शिकायत उनके उस वायरल वीडियो को लेकर की गई है, जिसमें उन्होंने भारतीय सैनिकों की वफादारी पर आपत्तिजनक और कथित रूप से असत्य टिप्पणी की थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि Ishita Pundir ने अपने वीडियो में कहा कि “सैनिक अपनी पत्नियों के प्रति वफादार नहीं होते”, जो न सिर्फ पूरी तरह बेबुनियाद है बल्कि देश के सैनिकों की छवि को बदनाम करने वाला बयान भी है। इस बयान को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस तरह की टिप्पणियां सैनिकों के परिवारों, खासकर उनकी पत्नियों के मन में संदेह पैदा कर सकती हैं, जिससे सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। लोगों का कहना है कि फॉलोअर्स और व्यूज के लिए इस तरह के संवेदनशील विषयों पर गैर-जिम्मेदाराना बयान देना बेहद चिंताजनक है।
मामले को गंभीर बताते हुए शिकायतकर्ता ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी Ishita Pundir को लेकर आलोचनाओं का सिलसिला जारी है और कई यूजर्स उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।


