शिमला 18 जनवरी । मशोबरा ब्लाॅक की ढली पंचायत के वार्ड बनरेड़ू में सड़क सुविधा न होने के लिए कसुंपटी विधानसभा के विधायक अनिरूद्ध सिंह जिम्मेवार ठहराया है जिनके द्वारा बीते 9 वर्षों से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया जा रहा है ।

यह बात कुसंपटी भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र भोटका और पूर्व भाजपा प्रत्याशी विजय ज्योति सेन द्वारा मंगलवार को जारी संयुक्त बयान में कही है । इनका कहना है कि बनरेड़ू वार्ड से विधायक का निवास स्थान केवल एक से डेढ किलोमीटर की दूरी पर है और विधायक का नैतिक कर्तव्य बन जाता है कि बनरेड़ू वार्ड को विधायक प्राथमिकता में डाले । यही नहीं विधायक को कसुंपटी विधानसभा क्षेत्र के सड़क सुविधा से वंचित सभी उपेक्षित गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए योजना बनाई जानी चाहिए ।
जितेन्द्र भोटका ने कहा कि हेलीपोर्ट बनने से बनरेड़ू वार्ड ही नहीं बल्कि समूचे शिमला क्षेत्र में पर्यटन को पंख लगेगें जिससे स्थानीय लोगों को परोक्ष व अपरोक्ष में स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध होगें । इन्होने हेलीपोर्ट निर्मित करने के लिए सीएम जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया है । बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कसुंपटी विस के लिए करोड़ों रूपये की योजनाएं स्वीकृत की गई है जिन पर कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है ।
भोटका ने किसान सभा के अध्यक्ष डाॅ0 कुलदीप तंवर के बयान को निराधार व तथ्यों से परे बताया है । इनका कहना है कि डाॅ0 तंवर भी इसी वार्ड के साथ लगते क्षेत्र. से संबध रखते हैं और इनको बनरेड़ू वार्ड में सड़क के लिए काफी पहले आवाज उठानी चाहिए थी । जितेन्द्र भोटका ने कसुंपटी के विधायक से मांग की है कि बनरेड़ू वार्ड में सड़क सुविधा प्रदान करने के लिए विधायक निधि से धनराशि उपलब्ध करवाएं ताकि इस वार्ड के लोगों को भी सड़क सुविधा मिल सके ।


