जिला ऊना में व्यापक स्तर पर चलेगा अभियान, एक लाख से अधिक स्वदेशी समर्थक बनाने का लक्ष्य
सत्य देव शर्मा सहोड़
ऊना, 2 अगस्त।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज जिला ऊना के संतोषगढ़ में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रव्यापी “मैं भी स्वदेशी समर्थक” महाअभियान की डिजिटल शुरुआत की। सांसद ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से अभियान से जुड़कर जिला ऊना में इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। भारतीय उत्पादों, स्थानीय उद्यमों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, कारीगरों एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रशिक्षक सत्य देव शर्मा सहोड़ ने बताया कि जिला ऊना में इस अभियान के अंतर्गत एक लाख से अधिक स्वदेशी समर्थक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले के गांवों, कस्बों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कोई भी नागरिक घर बैठे mysba.co.in वेबसाइट पर जाकर “मैं भी स्वदेशी समर्थक” अभियान का ऑनलाइन डिजिटल फॉर्म भर सकता है। आवश्यक जानकारी दर्ज करने के बाद प्रतिभागी को तत्काल एक डिजिटल स्वदेशी समर्थक प्रमाण-पत्र प्राप्त होगा, जिसे वह अपने सोशल मीडिया मंचों पर साझा कर स्वदेशी के संदेश को जन-जन तक पहुंचा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सदस्यता अभियान नहीं, बल्कि स्वदेशी, स्वावलंबन और आत्मनिर्भर भारत के विचार को जन-आंदोलन बनाने का एक सशक्त प्रयास है, जिसमें प्रत्येक नागरिक अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकता है।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रचार प्रमुख पंकज सहोड़, युवा आयाम प्रमुख अभिनीत चड्ढा तथा नगर संयोजक डॉ. सुमित कुमार शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।










