– डीआईजी साइबर क्राइम से मिलकर की चर्चा
शिमला
हिमाचल प्रदेश में बढ़ रहे साइबर क्राइम पर एआईसीसी के मीडिया को-ऑर्डिनेटर अनिल गोयल ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आए दिन सैंकड़ों लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं और अपनी मेहनत के कमाए लाखों रुपए गवां रहे हैं। मामलों के बढ़ते ग्राफ और लोग साइबर ठगी से जागरूक हो सके इसको लेकर उन्होंने साइबर क्राइम डीआईजी मोहित चावला से मुलाकात की। उन्होंने डीआईजी से इस पर सख्त एक्शन लेने का भी आग्रह किया।
गोयल ने बताया कि डीआईजी ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि साइबर क्राइम पुलिस ऐसे मामलों से निपटने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। इतना ही नहीं 1930 हेल्पलाईन नंबर भी दिनरात चला हुआ है। जहां पर लोग अपनी शिकायतें रियल टाइम में दर्ज करवाकर ठगी से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि डीआईजी साइबर क्राइम ने बताया कि जल्द ही लोगों को जागरूक करने के लिए एक विशेष कैंपेन चलाया जाएगा। जिसमें ग्रामीण स्तर पर लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि लोग ठगी से बच सके। इसके अलावा साइबर पुलिस समय-समय पर लोगों को जागरूक करने के लिए कई तरह के कार्यक्रम भी चलाती है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वह किसी को भी फोन, व्हाट्सएप और मैसेज में अपनी निजी जानकारी न सांझा करे, इससे वह ठगी का शिकार हो सकते हैं। अगर कोई ठगी का शिकार हो गया है तो वह तुरंत 1930 पर कॉल करे, ताकि समय रहते उनके पैसों को लुटने से बचाया जा सके और उन्हें उनकी राशि वापिस दिलवाई जा सके। काफी देर तक चर्चा होने के बाद डीआईजी साइबर क्राइम ने उन्हें ठगी के मामलों को जल्द से जल्द सुलझाने का भी आश्वासन दिया।








