शिमला, 26 फरवरी 2026
हिमाचल प्रदेश के वित्त विभाग ने 2016 के बाद सेवानिवृत्त क्लास-IV कर्मचारियों के ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट के लंबित बकाया भुगतान में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों को औपचारिक पत्र भेजा गया है।
वित्त विभाग के तहत ट्रेजरी, अकाउंट्स एंड लॉटरीज़ द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि 27 जनवरी 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के क्रम में यह पाया गया है कि कई ड्रॉइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर्स (DDO) ने अभी तक संबंधित कर्मचारियों के बिल तैयार कर ट्रेजरी में प्रस्तुत नहीं किए हैं।
सरकार ने इस पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया है कि सभी विभागाध्यक्ष अपने अधीनस्थ DDO को तुरंत लंबित बिल तैयार कर संबंधित ट्रेजरी कार्यालयों में प्रस्तुत करने के निर्देश दें, ताकि बकाया राशि का भुगतान बिना किसी और देरी के किया जा सके।
साथ ही, सभी जिला कोषागार अधिकारियों और ट्रेजरी अधिकारियों को भी इस संबंध में सूचना देते हुए अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस आदेश से वर्ष 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए क्लास-IV कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित ग्रेच्युटी और अवकाश नकदीकरण (लीव एनकैशमेंट) की राशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है।






