हिमाचल प्रदेश की क्रिकेट टीम ने विजय हजारे क्रिकेट टूर्नामेंट जीत कर इतिहास रच दिया है. मंगलवार को हिमाचल की क्रिकेट टीम ऊना पहुंची और यहां पर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया. साथ ही यहां से खिलाड़ी अपने अपने घर रवाना हुए है.
हिमाचल की जीत में टीम के कप्तान और भारतीय क्रिकेटर ऋषि धवन ने अहम भूमिका निभाई है. ऋषि धवन ने बल्ले और गेंद से जबरदस्त प्रदर्शन किया है. उन्हीं की बदौलत हिमाचल की टीम यह टूर्नामेंट जीतने में कामयाब रही है.
ऋषि धवन ने पूरे टूर्नामेंट में 8 मैच खेले. इस दौरान उन्होंने जहां 17 विकेट लिए वहीं, 458 रन भी बनाए. वह विजय हजारे क्रिकेट टूर्नामेंट की किसी भी एडिशन में सबसे अधिक रन और विकेट लेने वाले पांच खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. उनसे पहले 2014-15 में हुए टूर्नामेंट में अमितोज सिंह ने 422 रन और 11 विकेट लिए थे. वहीं, क्रुणाल पांडेया ने 2016-17 में 8 विकेट 366 रन, बाबा अपराजिथ ने 2019-20 में 12 मैचों में 598 रन और 11 विकेट झटके थे. वहीं, 2019-20 में नीतिश राणा ने 8 मैचों में 311 रन और 12 विकेट लिए थे. अब इस लिस्ट में ऋषि धवन का नाम भी शामिल हो गया है.
ऋषि धवन हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर से संबंध रखते हैं. वह भारतीय क्रिकेट टीम का भी हिस्सा रहे हैं. साथ ही वह आईपीएल में पंजाब किंग्स के अलावा, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का भी हिस्सा रहे हैं. उनका जन्म 19 फरवरी 1990 को हुआ है. वह मीडियम पेसर भी हैं. ऋषि धवन टीम इंडिया के लिए तीन एकदिवसीय मुकाबले खेल चुके हैं. आस्ट्रेलिया में उन्होंने 2016 में अपना डेब्यू मैच खेला था. इसके अलावा, एक ट्वेंटी-ट्वेंटी मुकाबला खेलने का भी उन्हें मौका मिला है. वनडे और 20-20 मैचों में उन्हें एक-एक विकेट मिला है.
मंडी पहंचने पर मंगलवार को लोगों ने कप्तान ऋषि धवन का स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हिमाचल की टीम के लिए किसी भी फॉर्मेट में यह पहला खिताब है. ट्रॉफी जीतने के बाद हिमाचल के युवाओं में खुशी की लहर है और आने वाले समय में युवा खिलाड़ियों को इसका फायदा मिलेगा. वहीं टीम इंडिया के चयन को लेकर ऋषि धवन ने कहा कि वे बीते चार वर्षों से कड़ी मेहनत कर रहे हैं और इस बार उन्हें उम्मीद है कि टीम इंडिया में उनका चयन होगा.








