आईजीएमसी में हाईटैक लैप्रोस्कोपिक तकनीक से आहार नली के कैंसर का सफल ऑप्रेशन किया है। आईजीएमसी में आयोजित प्रैसवर्ता के दौरान एमएस डाॅ. जनक राज ने कहा कि मरीज का बिना चीर-फाड़ के ऑप्रेशन किया गया है। इस 74 वर्षीय बुजुर्ग मरीज काे इस तकनीक से सफल ऑप्रेशन कर जीवनदान दिया गया है। इसका श्रेय सर्जरी व एनैस्थीसिया के डॉक्टरों को जाता है।

अब मरीज बिल्कुल स्वस्थ है और उसे किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आ रही है। वहीं कैंसर सर्जन डीके वर्मा ने कहा कि इस तकनीक से अभी तक हिमाचल के किसी भी अस्पताल में ऑप्रेशन नहीं किया गया है। बड़े शहरों में इस ऑप्रेशन पर 4 से 5 लाख रुपए खर्च आता है लेकिन इस मरीज की नि:शुल्क सर्जरी की गई है। ध्यान रहे कि अगर किसी को खाने-पीने में परेशानी हो रही हो तो ऐसा लगता है कि एसिडिटी के कारण ऐसा हो रहा है। बार-बार मिचली आने को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कई बार यह कैंसर का लक्षण हो सकता है, ऐसे में विशेषज्ञ डॉक्टर से इलाज करवाना चाहिए। आहार नली के कैंसर का कारण तंबाकू भी है।








