शिमला 24 अप्रैल । कसुपंटी निर्वाचन क्षेत्र के राजकीय केंद्रीय प्रारम्भिक विद्यालय, चियोग में हाल ही में एक अभिभावक एवं अध्यापिका के मध्य उत्पन्न हुए विवाद का समाधान आपसी समझ, संवाद एवं विद्यालय प्रशासन की मध्यस्थता से सफलतापूर्वक कर लिया गया। जिसकी पुष्टि प्रधानाचार्य संदीप शर्मा ने की है ।
प्रधानाचार्य ने बताया कि बीते दिनों एक अभिभावक द्वारा अपने बच्चे के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की गई थी। इस पर विद्यालय प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर तथ्यों की निष्पक्ष समीक्षा की गई । जांच एवं आपसी बातचीत के दौरान स्थिति स्पष्ट हुई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के प्रति सम्मान एवं सहयोग बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। अध्यापिका ने जहां भविष्य में विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील एवं संयमित व्यवहार रखने का आश्वासन दिया गया, वहीं पर अभिभावक ने भी अपनी शिकायत को वापस लेने तथा आगे कोई कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई न करने का निर्णय लिया गया ।
गौर रहे कि विद्यालय प्रशासन की उपस्थिति में यह समझौता पूर्णतः स्वेच्छा एवं बिना किसी दबाव के संपन्न हुआ। सभी पक्षों ने भविष्य में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने और विद्यार्थियों के हित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों की सुरक्षा, सम्मान एवं समग्र विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान संवाद एवं सहयोग के माध्यम से किया जाएगा।


