लाहौल
जनजातीय जिला लाहौल के अधिष्ठाता देवता राजा घेपन ने अपनी ताज़ा देववाणी में क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण और उत्साहजनक संदेश दिया है। भविष्यवाणी के अनुसार इस वर्ष वर्षा सामान्य रहने और फसल अच्छी होने के संकेत दिए गए हैं, जिसे कृषि प्रधान क्षेत्र के लिए शुभ माना जा रहा है।
देववाणी में यह भी उल्लेख किया गया कि देवता ने इस वर्ष उदयपुर में देवी भगवती से मिलने की इच्छा व्यक्त की है। धार्मिक दृष्टि से इसे अत्यंत शुभ संकेत माना जा रहा है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार देवताओं के बीच यह भेंट क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति का प्रतीक होती है।
साथ ही देवता ने समाज में आपसी मेल-मिलाप और एकता बनाए रखने का संदेश दिया है। संकेत दिए गए कि यदि लोग मिल-जुलकर रहेंगे तो गत वर्ष की भांति किसी भी प्रकार की त्रासदी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
भविष्यवाणी में यह भी स्पष्ट किया गया कि मलाणा की यात्रा तभी संभव होगी जब वहां के अधिष्ठाता देवता जमलू की ओर से औपचारिक निमंत्रण प्राप्त होगा। धार्मिक परंपराओं में देवताओं के बीच निमंत्रण और भेंट का विशेष महत्व है।
उल्लेखनीय है कि राजा घेपन को फसलों का रक्षक, खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। लाहौल के शक्तिशाली और अलौकिक देवताओं में उनकी विशेष मान्यता है। समस्त लाहुली समाज उनके प्रति गहरी श्रद्धा रखता है और देववाणी को आने वाले समय के लिए सकारात्मक और शुभ संकेत के रूप में देख रहा है।






