पंजाब वासियों के लिए बेहद ही खास खबर सामने आई है। पंजाब में पहली बार वन्यजीव गलियारा ( Wildlife corridor) बनाया जाएगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। बता दें कि, ये वाइल्डलाइफ कॉरिडोर प्रस्तावित 6-लेन वाले जीरकपुर बाईपास रोड प्रोजेक्ट के तहत बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि ये सड़क परियोजना 2 साल से अधिक समय से लंबित थी, क्योंकि इसमें वन भूमि बाधा बन गई थी। वन संरक्षण अधिनियम (FCA) के तहत कार्रवाई की जानी थी। इसके चलते एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव रखा गया था। जंगल के बीच से 6-लेन वाली सड़क बनने से 50 एकड़ का हिस्सा प्रभावित होगा, लेकिन इससे वन्यजीवों की आवाजाही निर्बाध रहेगी और इससे सड़क यातायात का प्रवाह भी सुनिश्चित होगा।
इस संबंधी जानकारी देते हुए इस परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि पंजाब और हरियाणा में 19.2 किलोमीटर लंबी जीरकपुर बाईपास परियोजना 1,878.31 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी, जिसमें एलिवेटेड हिस्से के लिए 200 करोड़ रुपये की अतिरिक्त लागत आएगी। इसके तहत इस सड़क के रास्ते में आने वाले जंगल पर 3 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड सड़क बनाई जाएगी, ताकि वन्यजीव आसानी से एक तरफ से दूसरी तरफ जा सकें।







