समीरपुर, 08 नवंबर, 2026
पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल को दीपावली के पावन अवसर पर शुभकामनाएं देने के लिए समीरपुर स्थित उनके निवास पर बधाई देने वालों का आगमन होता रहा। इसी क्रम में रविवार को जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में जिला भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने समीरपुर पहुंचकर प्रोफेसर धूमल को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
इसके उपरांत बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल भी अपने समर्थकों सहित समीरपुर पहुंचे। उन्होंने प्रोफेसर धूमल को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके मंगलमय जीवन, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और सामाजिक परंपराओं की विशेषता रही है कि यहां त्योहारों को मिल-जुलकर मनाया जाता है। ऐसे अवसर समाज में आपसी विश्वास, आत्मीयता और सहयोग की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और प्रदेशवासियों का स्नेह एवं सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि दीपावली सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।


