कल्याण विभाग के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति सहित विभिन्न जिला स्तरीय समितियों की बैठक की अध्यक्षता सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर ने की।इन सभी बैठकों का संचालन जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने किया। बैठक में एएसपी मनमोहन सिंह, अन्य विभागों के अधिकारियों सहित गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सहायक आयुक्त ने अभियोजन तथा पुलिस विभाग को लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी डी गई कि कहा कि विभिन्न न्यायालयों में अनुसूचित जाति व जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत 60 मामले लंबित हैं। इनमें से 56 मामले सत्र न्यायालय कुल्लू और 4 मामले सत्र न्यायालय रामपुर में लंबित हैं। मैनुअल स्कैवेंजर्स एक्ट 2013 के अंतर्गत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने सफाई कर्मचारियों के वेतन, कार्यों के घंटे, ईपीएफ तथा ओवरटाइम के वेतन के संबंध में भी निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई कर्मियों को नियमानुसार यूनिफॉर्म, जूते तथा सफाई की आवश्यक किट प्रदान की जानी चाहिए। इसके अतिरिक्त नियोक्ता एजेंसी द्वारा सफाई कर्मियों का वर्ष में दो बार पूर्ण चिकित्सा जांच तथा सप्ताह में दो बार हेल्थ चेकअप होना चाहिए।राष्ट्रीय न्यास अधिनियम 1999 के अन्तर्गत जिला की स्थानीय स्तरीय समिति (एल०एल०सी०) की बैठक की में जानकारी दी गई कि स्वपरायणता, अंगघात, मानसिक मंदता और बहु निःशक्तता इन चार प्रकार की अपंगताओं से ग्रसित व्यक्तियों के 18 वर्ष की आयू पूर्ण करने के उपरान्त उनकी ओर से माता-पिता व उनके रिश्तेदार वैधानिक रूप से कोई निर्णय नहीं ले सकते हैं। वैधानिक रूप से कानूनी संरक्षक बनाये जाने आवश्यक होते हैं। इन अपंगताओं से ग्रसित व्यक्तियों के विशेष विषयों पर निर्णय लेने हेतु वैधानिक रूप से कानूनी संरक्षक बनाने के लिए भी समिति द्वारा अनुमोदन किया गया। उन्होंने जिला दिव्यांगता समिति की बैठक में दिव्यांगजनों की पहचान करने के लिए दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आधिकाधिक दिव्यांग शिविर लगाने तथा दूर दराज तक के ऐसे दिव्यांगजनों तक पहुँचाने के लिए के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री के नए- 15 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए गए कि अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण के लिए चलाई योजनाओं का सभी अधिकारी समय पर लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। विभिन्न विकास कार्यों को भी गति प्रदान कर निर्धारित अवधि में पूरा करें। उन्होंने पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति के अंतर्गत शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला के समस्त स्कूलों में अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों की संख्या का आकलन कर सभी छात्रों को उक्त योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति प्रदान करना सुनिश्चित करें। बैठक में अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए स्वरोजगार योजना, तकनीकी शिक्षा, बेरोजगार भर्ती योजना, सहित राज्य एवं केंद्रीय सेवाओं में भर्ती की योजनाओं की समीक्षा की गई ।

