शिमला, 25 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव और मोबाइल फोन की गोपनीयता सुरक्षित रखने के लिए नागरिकों से वाई-फाई और ब्लूटूथ का इस्तेमाल सावधानी से करने की अपील की है। पुलिस ने सलाह दी है कि जरूरत नहीं होने पर इन सुविधाओं को बंद रखें और सार्वजनिक स्थानों पर अनजान नेटवर्क या अपरिचित डिवाइस से कनेक्ट होने से बचें।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी फर्जी वाई-फाई हॉटस्पॉट के जरिए लोगों की निजी जानकारी तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में यात्रा के दौरान और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल फोन को किसी भी अनजान नेटवर्क से अपने आप कनेक्ट होने से रोकना जरूरी है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस के साइबर क्राइम अन्वेषक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि डिजिटल सुरक्षा के लिए घबराने के बजाय कुछ आसान सावधानियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने लोगों को जरूरत के अनुसार ही वाई-फाई और ब्लूटूथ चालू करने तथा काम पूरा होने के बाद कनेक्शन बंद करने की सलाह दी। पुलिस ने डिजिटल सुरक्षा के लिए ‘रुकें, जांचें और फिर कनेक्ट करें’ का मंत्र अपनाने की अपील की है। इसके तहत अनजान नेटवर्क से अपने आप कनेक्ट होने से बचें, किसी वेबसाइट पर निजी जानकारी दर्ज करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचें और केवल भरोसेमंद नेटवर्क तथा परिचित उपकरणों का ही इस्तेमाल करें।
ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा न करें
पुलिस ने मोबाइल फोन में मजबूत स्क्रीन लॉक लगाने और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि ओटीपी, पासवर्ड, पिन और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा के छोटे-छोटे उपाय अपनाने की अपील की है, ताकि साइबर ठगी और निजी जानकारी के दुरुपयोग की आशंका को कम किया जा सके।


