शिमला 24 मई । सिविल अस्पताल जुन्गा में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी मशोबरा डॉ0 संजय रनौत की अध्यक्षता में क्षेत्रीय स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया । जिसमें जुन्गा अस्पताल के सभी चिकित्सक, पर्यवेक्षक और आशा वर्करज ने भाग लिया । बैठक में ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी ), क्षयरोग उन्मूल्न, एनसीडी, डायरिया, स्क्रब टाईफस, मातृ-शिशु इत्यादि कार्यक्रम बारे गहनता से चर्चा की गई ।
बीएमओ डॉ0 संजय रनौत ने आशा वर्करज को निदेश दिए कि वह फील्ड में एचपीवी टीकाकरण अभियान बारे ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावकों को जागरूक करे ताकि सभी अभिभावक अपनी 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की बेटियों को स्वैच्छा से टीका लगवाएं । उन्होने कहा कि गर्भाशय ग्रीवा अर्थात सर्विकल कैंेसर महिलाओं में दूसरा आम कैंेसर है जिससे भारत वर्ष में हर वर्ष करीब 80 हजार महिलाएं सर्विकल कैंसर का शिकार हो जाती है । यह कैंसर ह्यूमन पेपिलोमा वायरस के कारण महिलाओं की बच्चादानी के मुंहाने पर होता है ।
डॉ0 रनौत ने बताया कि इस गंभीर बिमारी से बचने केे लिए भारत सरकार द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान पूरे देश में 28 फरवरी को आरंभ किया गया है जोकि आगामी 31 मई को संपन होने जा रहा है । उन्होने बताया कि एचपीवी वैक्सिन बारे कुछ लोगों द्वारा भ्रामक किया जा रहा है जोकि पूर्णतया सरासर गलत है । एचपीवी का टीका पूर्णतया सुरक्षित हैं इसके कोई भी दुष्प्रभाव नहीं है । सरकार द्वारा यह टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है जबकि प्राईवेट क्लिनिकों में इस टीका की कीमत करीब दस हजार है ।
डॉ0 रनौत ने कहा कि गर्मियों के मौसम में डायरिया और स्क्रब टाईफस होने की काफी संभावनाएं रहती है । उन्होने आशा वर्करज को निर्देश दिए कि ग्रामीण परिवेश में लोगों को उबाल कर पानी पीने तथा खेत में काम करते समय शरीर को ढक कर रखने बारे जानकारी दें । इसके अतिरिक्त टीबी उन्मूल्न और एनसीडी कार्यक्रम बारे भी फील्ड लोगों को जागरूक करे । शूगर और रक्तचाप के रोगियों की आईडी तैयार की जाए ताकि इस प्रकार के रोगियों का रिकार्ड उपलब्ध रहे ।
बैठक में चिकित्सा प्रभारी डॉ0 मनोज वर्मा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ0 प्रशांत, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ0 सोनिका, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ0 गरिमा, पर्यवेक्षिका सन्नी के अतिरिक्त जुन्गा, भड़ेच, डुब्लु, जनेडघाट, मेहली , मलयाणा, ट्रहाई की आशा वर्करज ने भाग लिया ।
एचपीवी टीकाकरण का ग्रामीण परिवेश में व्यापक प्रचार करे आशा वर्करज-बीएमओ

