Home » गिरिपार के राजगढ़ क्षेत्र में पांच दिवसीय दिवाली पर्व धूमधाम से संपन्न

गिरिपार के राजगढ़ क्षेत्र में पांच दिवसीय दिवाली पर्व धूमधाम से संपन्न

????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????????

 

मूड़ा, अस्कली, पटांडे, सिड्डू और खीर जैसे पारंपरिक पकवानों से महकी पहाड़ी रसोई,

 

राजगढ़ 12 नवंबर । जिला सिरमौर के गिरिपार के राजगढ़ क्षेत्र में पांच दिवसीय दिवाली पर्व बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हो गया। पांच दिनों तक पूरा क्षेत्र लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक खानपान के रंग में सराबोर रहा। इस दौरान जहां लोगों ने घरों में पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद लिया, वहीं विभिन्न गांवों में अपने कुलदेवताओं और इष्ट देवताओं के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

इस पर्व के दौरान घरों में मूड़ा, अस्कली, पटांडे, खीर और खिचड़ी सहित विभिन्न पारंपरिक व्यंजन तैयार किए गए। क्षेत्र के कुछ गांवों में पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन सिड्डू भी बनाए गए, जिन्हें देसी घी के साथ बड़े चाव से खाया जाता है। वहीं देवस्थानों में दीपमाला सजाई गई और बलिराज के प्रतीक द्वालठा का दहन किया गया। विभिन्न गांवों में देव जागरण के लिए रातभर चलने वाले घन्ने भी आयोजित किए गए, जिनमें गांव के लोग एकत्रित होकर देवताओं का गुणगान करते रहे।

इन आयोजनों में धार्मिक चर्चाओं के साथ हास्य-विनोद, भजन-कीर्तन, ड्रामा और करियाला जैसी लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने पूरी रात जागरण में भाग लेकर धार्मिक प्रसंगों और आपसी मेल-मिलाप के बीच समय बिताया।

क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक रणजीत तोमर, लेखराम कश्यप और कुशल तोमर ने बताया कि राजगढ़ क्षेत्र में पांच दिवसीय दिवाली पर्व की शुरुआत छोटी दिवाली से दो दिन पहले मड़ेगो यानी मूड़ा बनाने की परंपरा से होती है। इस दिन घरों में काले चने, राजमा और गेहूं सहित विभिन्न अनाजों से मूड़ा तैयार किया जाता है। इसके अगले दिन छोटी दिवाली पर विशेष रूप से अस्कलियां बनाई जाती हैं, जिन्हें घी, शक्कर और शहद के साथ परोसा जाता है। दिवाली के दिन घरों में पटांडे, खीर सहित कई पारंपरिक पकवान तैयार किए जाते हैं। कुछ गांवों में सिड्डू बनाने की परंपरा भी कायम है। लोग अपने कुलदेवताओं और इष्ट देवताओं के मंदिरों में जाकर शीश नवाते हैं । दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा के अवसर पर किसानों द्वारा अपने कृषि औजारों की पूजा करने की भी विशेष परंपरा है। इस दिन हल, जुगडा़ और खेतीबाड़ी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरणों के साथ वाहनों की भी पूजा की जाती है। इसके अलावा खिचड़ी तैयार कर देवी-देवताओं को अर्पित की जाती है।

पांच दिवसीय पर्व के अंतिम दिन भैया दूज पर गिरिपार क्षेत्र के राजगढ़ इलाके में सासू से भेंट की अनूठी परंपरा निभाई जाती है। जिन घरों में बेटियों का विवाह हुआ है, वहां उनके दामाद विशेष रूप से सासू मां से मिलने पहुंचते हैं। इस दौरान दामाद अपनी सासू मां को अखरोट, खील और मिठाइयां भेंट कर उनके चरणों में शीश नवाते हैं तथा आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि गिरिपार क्षेत्र में दिवाली केवल दीप जलाने और मिठाइयां बांटने का पर्व नहीं है, बल्कि यह देव आस्था, लोक संस्कृति, पारिवारिक मेल-मिलाप और पूर्वजों से चली आ रही परंपराओं को जीवित रखने का अवसर भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *