सोलन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन रमेश शर्मा ने पत्रकारों का आह्वान किया कि पत्रकार तथ्यों के आधार पर तथा अपनी नैतिक जिम्मे़दारी समझते हुए पत्रकारिता करें। रमेश शर्मा आज यहां राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित ज़िला स्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
ज़िला स्तरीय कार्यक्रम में भारतीय प्रेस परिषद द्वारा आज के लिए सुझाए गए विषय ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मे़दारी’ ष्श्रवनतदंसपेउरू च्वचनसपेज वत त्मेचवदेपइसमष् पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि जिम्मेदार एवं निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय में टीआरपी और ब्रेकिंग न्यूज़ की दौड़ में तथ्यों की सत्यता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सनसनी फैलाना पत्रकारिता का उद्देश्य नहीं हो सकता। सच्ची पत्रकारिता वही है जो बिना किसी दबाव के आम जनता की समस्याओं को उठाए और समाज को सही दिशा दिखाए।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को स्वयं अपनी जिम्मेदारी निर्धारित करनी चाहिए। जिम्मेदारी के बिना किसी भी कार्य में निपुणता नहीं लाई जा सकती। उन्होंने कहा कि सभी पत्रकार अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए तथ्यों के आधार पर पत्रकारिता करें।
उन्होंने कहा कि पत्रकार आधुनिक तकनीक का प्रयोग करने के साथ-साथ सनसनी से बचते हुए समाज के प्रति अपने दायित्व को निभाएं।
पत्रकार यशपाल कपूर ने कहा कि सनसनी से ज्यादा आज जिम्मेदारी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाचार भेजने से पूर्व हमें तथ्यों की जांच कर लेनी चहिए ताकि मीडिया पर लोगों की विश्वसनीयता बनी रहे।
पत्रकार पवन ठाकुर ने कहा कि पत्रकारिता के व्यवसाय में घुसपेठ को रोकने के लिए सभी के लिए योग्यता निर्धारित की जानी चहिए। उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए ब्रेकिंग न्यूज़ की दौड़ में खबर की सत्यता को जांचना जरूरी है।
पत्रकार र्कीति कौशल ने सभी पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पत्रकार बहुत अच्छा कार्य कर रहे है। उन्होंने सुर्खियों के लिए सनसनी से दूर रहने ज़िम्मेदारी के साथ अपने कार्य को मिशन की तरह अपनाने का आह्वान किया।
पत्रकार मोहन चौहान ने कहा कि सभी मीडिया कर्मियों को निष्पक्ष और संतुलित पत्रकारिता करनी चाहिए। भ्रामक सूचना पर लगाम लगाने के लिए तथ्यों की गहन जांच करना ज़रूरी है।
पत्रकार अमित डोभाल ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में लोग स्वयं वीडियों बनाकर अपनी समस्याओं को मीडिया तक पहुंचा रहे है, इसलिए खबरों की सत्यता जांचना और भी आवश्यक हो गया है।
पत्रकार तोमर ठाकुर ने कहा कि जिम्मेदार पत्रकार हमेशा लोगो की नज़र में रहता है तथा जमीनी स्तर की पत्रकारिता ही लम्बे समय तक उसकी दिशा व दशा तह करती है।
पत्रकार भुपेन्द्र ठाकुर ने अपने व्यवसाय में शुचिता लाने तथा पत्रकारिता की गम्भीरता समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में, सोशल मीडिया पर अलग दिखने की दौड़ में भ्रामक सूचनाएं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सूचना की सत्यता जाने बिना लोगों को खबर परोसने से बचना आवश्यक है।
पत्रकार रीता ठाकुर ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर दिखाना नहीं, बल्कि समाज को सच से रूबरू करवाना है। आज के दौर में खबरों की होड़ और सबसे पहले दिखाने की प्रतिस्पर्धा के बीच यह समझना बेहद जरूरी है कि पत्रकारिता की पहचान सनसनी से नहीं, बल्कि उसकी विश्वसनीयता और जिम्मेदारी से होती है।


