शिमला 22 नवंबर। जुन्गा तहसील के ठूंड स्थित देव जुन्गा के 22 टीका देवस्थल में देवोत्थान पर्व, जिसे स्थानीय बोली में देवठण कहा जाता है, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने देव जुन्गा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। देवठण के उपलक्ष्य में बीती रात पारंपरिक देव जागरण (घैना) का आयोजन किया गया। इसमें देवता बडमू करियाला पार्टी के कलाकारों ने साधु के स्वांग, हास्य-व्यंग्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं, पूरी रात पहाड़ी नाटियों की धुनों पर श्रद्धालु झूमते रहे।
देव जुन्गा के पुजारी नंदलाल शर्मा ने बताया कि ठूंड स्थित देव जुन्गा के 22 टीका देवस्थल का इतिहास क्योंथल रियासत के समय से जुड़ा हुआ है। यह प्राचीन देवस्थल लंबे समय से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रमुख केंद्र रहा है। मान्यता है कि 22 टीका देवस्थल देव जुन्गा से जुड़ी देव परंपराओं और क्षेत्र के विभिन्न देवी-देवताओं के सामूहिक मिलन का महत्वपूर्ण केंद्र है। देवशयनी और देवोत्थान पर्व के अवसर पर यहां विशेष धार्मिक आयोजन किए जाते हैं, जिनमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों के अलावा दूरदराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु देवता का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। देव जुन्गा की मान्यता समूचे क्योंथल क्षेत्र में है। देवठण के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न देवी-देवता भी ठूंड स्थित 22 टीका देवस्थल में हाजिरी भरते हैं।
उन्होंने बताया कि 22 टीका देवता मंदिर अर्थात प्राचीन देवठी के जीर्णोद्धार का कार्य इन दिनों जारी है। इसके चलते फिलहाल सभी देवी-देवताओं को मंदिर के साथ बने दीवानखाने (सराय) में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ विराजमान किया गया है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने पर देवताओं के समक्ष भेंट अर्पित की। देवठण के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में चावल के दाने भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर देव जुन्गा के कल्याणे मनोहर सिंह ठाकुर, प्रीतम ठाकुर, दीपक रोहाल, जोगिंद्र ठाकुर बलोग, राजीव ठाकुर, प्रदीप ब्रागटा, सुरेश वर्मा, देवेंद्र नंबरदार, कृष्ण रोहाल, नवीन ठाकुर और चेतराम शर्मा सहित समिति के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, सिरमौर जिला के राजगढ़ क्षेत्र के जुन्गा देवता के कल्याणे उमेद सिंह कंवर की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।


