नंगल, श्री आनंदपुर साहिब और गढ़शंकर में नशा विरोधी यात्राओं में शामिल होकर जनसभाओं को किया संबोधित, बोले- जैसे 2026 तक भारत नक्सल मुक्त हुआ, वैसे ही 2026 तक भारत नशा मुक्त होगा
नंगल/श्री आनंदपुर साहिब/गढ़शंकर : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर आज पंजाब के दौरे पर रहे। इस दौरान वह नंगल, श्री आनंदपुर साहिब और गढ़शंकर में आयोजित नशा विरोधी यात्राओं में शामिल हुए। श्री आनंदपुर साहिब पहुंचकर जय राम ठाकुर ने दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के तप, त्याग और शौर्य की साक्षी रही धरती श्री आनंदपुर साहिब के पवित्र गुरुद्वारे में शीश नवाकर अरदास की, गुरु का आशीर्वाद लिया एवं सभी देशवासियों के मंगल की कामना की। नशा विरोधी यात्रा के दौरान जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अब निर्णायक लड़ाई की तैयारी है और इस लड़ाई को जनआंदोलन का रूप देकर ही नशे के खिलाफ प्रभावी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने सभी लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्त भारत के संकल्प से जुड़कर नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने का आह्वान किया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि जब वह हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो गृह विभाग की बैठक में यह तथ्य सामने आया कि हिमाचल प्रदेश की जेलों में नशे की तस्करी के मामलों में बंद आरोपियों में बड़ी संख्या अन्य राज्यों के लोगों की भी थी। यह स्पष्ट था कि नशे की समस्या किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है और इसके लिए अंतरराज्यीय स्तर पर समन्वित कार्रवाई आवश्यक है। इसी को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली की सरकारों के साथ मिलकर संयुक्त टीमें गठित कीं। इन संयुक्त प्रयासों का व्यापक प्रभाव देखने को मिला और नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई को मजबूती मिली। सीमावर्ती राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, नशे के तस्करों पर कठोर कार्रवाई, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और समाज की सक्रिय भागीदारी से ही नशे के खिलाफ इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

