शिमला, 1 सितंबर। शिक्षा विभाग में करीब 31 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मशोबरा के प्रधानाचार्य बनवारी लाल केशव बीते रोज सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय परिसर में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य बनवारी लाल केशव तथा उनकी धर्मपत्नी मीना देवी को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से प्रीति भोज का भी आयोजन किया गया।
बनवारी लाल केशव ने अपने सेवाकाल को याद करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 1995 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहादुरगढ़, कांगड़ा में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता के रूप में सेवाएं शुरू की थीं। वर्ष 2018 में उन्हें प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति मिली। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने शिमला जिला के बड़ागांव, दयोल, चियोग, कोहबाग, गढ़ाकूफरी, ढली घैणी, पटगैहर और मशोबरा सहित विभिन्न विद्यालयों में अपनी सेवाएं दीं।
मूल रूप से जिला हमीरपुर के भोरंज क्षेत्र से संबंध रखने वाले बनवारी लाल केशव की सेवाकाल की अधिकांश अवधि जिला शिमला में ही बीती। उन्होंने कहा कि सेवा के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और स्टाफ सदस्यों से उन्हें हमेशा सहयोग और स्नेह मिला, जिसे वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।
इस अवसर पर मशोबरा ब्लॉक के खेल प्रभारी नंदलाल शर्मा ने कहा कि बनवारी लाल केशव एक आदर्श शिक्षक होने के साथ-साथ नेकदिल और सरल स्वभाव के इंसान हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान तथा विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के लिए किए गए प्रयासों को लंबे समय तक याद किया जाएगा। विद्यालय परिवार ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
31 साल की समर्पित सेवा के बाद प्रधानाचार्य बनवारी लाल केशव सेवानिवृत्त

Leave a comment
Leave a comment










