वरिष्ठ नागरिकों और युवा मतदाताओं में मतदान के प्रति भारी उत्साह
शिमला 26 मई । मशोबरा ब्लॉक की 11 पंचायतों में प्रथम चरण के चुनाव में मंगलवार को मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया । पोलिंग बूथों पर प्रातः से ही मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली । जुन्गा तहसील के टिक्कर गांव के 95 वर्षीय कृष्णा नंद शर्मा ने तीन किलोंमीटर पैदल चलकर पुराना जुन्गा पोलिंग बूथ पर अपना मत डाला । इसी प्रकार भोंट पंचायत के 92 वर्षीय निरमा राम ने अपने गांव गठडू से पैदल आकर शाहल वार्ड में और पीरन पंचायत के देवठी बूथ पर 94 वर्षीय बालक राम निर्मोही ने करीब छः किलोमीटर का सफर तय करके अपना वोट डाला । देवठी के भी 94 वर्षीय सुंदर सिंह शर्मा ने भी दो किलोमीटर पैदल चल कर पीरन में अपने मताधिकार का प्रयोग किया । 45 वर्षीय अक्षम रामगोपाल वर्मा न बैसाखी के सहारे पीरन बूथ पर वोट डाला ।
वरिष्ठ नागरिकों में मतदान के प्रति उत्साह देखा गया जोकि विशेषकर नए मतदाताओं के लिए काफी प्रेरणास्त्रोत रहा है ।
95 वर्षीय कृष्णानंद , 94 वर्षीय बालकराम निर्मोही और सुंदर सिंह ने किया मतदान

