विधायक जनक राज भी उठा चुके हैं मामला, अभी तक नहीं हुई कार्रवाई, ग्रामीणों ने जताया हादसे का खतरा
चंबा
भरमौर उपमंडल की बड़ग्राम पंचायत के खनबगा गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ग्रामीणों की जान पर भारी पड़ रही है। गांव निवासी अशोक कुमार के घर और खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारें इतनी नीचे लटक रही हैं कि उनकी ऊंचाई कई जगह एक सामान्य व्यक्ति की लंबाई से भी कम बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की अनदेखी के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और संबंधित जेई को शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के विधायक जनक राज द्वारा मामला उठाए जाने के बावजूद विभाग ने स्थिति को अभी तक गंभीरता से नहीं लिया है । नतीजतन आज भी लोग खतरे के साए में रहने को मजबूर हैं।
अशोक कुमार ग्रामीण का कहना है कि उनके घर और खेतों के आसपास हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बच्चों, बुजुर्गों और खेतों में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर परिवार लगातार चिंतित है। उनका आरोप है कि बिजली विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब बार-बार शिकायतों के बावजूद विभाग कार्रवाई नहीं कर पाया तो आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा। लोगों का कहना है कि यदि भविष्य में कोई जान-माल का नुकसान होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
हालांकि, इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बिजली विभाग के जेई अभिनय कुमार ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और एक सप्ताह के भीतर नया पोल लगाकर तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से ऐसे ही आश्वासन सुनते आ रहे हैं और अब उन्हें केवल कार्रवाई का इंतजार है।










