शिमला
स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम शिमला ने पूरी तरह कमर कस ली है और देशभर में अव्वल स्थान हासिल करने के उद्देश्य से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। नगर निगम आयुक्त के नेतृत्व में आयोजित समीक्षा बैठक में विस्तृत कार्ययोजना (ब्लूप्रिंट) तैयार की गई, जिसमें स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
सर्वेक्षण को सफल बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड में निगरानी हेतु अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये अधिकारी प्रतिदिन कम से कम दो घंटे क्षेत्र में रहकर कार्यों का निरीक्षण करेंगे और जमीनी स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेंगे। इसके अलावा, एक विशेष ‘वार रूम’ भी स्थापित किया गया है, जहां से सभी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जाएगी और फील्ड में हो रहे कार्यों का समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान प्राप्त करने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता और मेहनत के साथ कार्य कर रहा है। ऐसे में शिमला के नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर और देश में अग्रणी बनाया जा सके।


