शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित आईजीएमसी में एक महिला (34 वर्ष) की स्क्रब टायफस से मौत हो गई. महिला जिला शिमला की जुब्बल की रहने वाली थी, जिसका आईजीएमसी में इलाज चल रहा था. ऐसे में अब अस्पताल प्रशासन सतर्क हो गया है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी सीएचसी और पीएचसी काे आदेश जारी किए हैं कि अगर काेई भी बुखार का मरीज आए और उसके शरीर पर लाल दाने हाें ताे तुरंत उसका स्क्रब टायफस का टेस्ट करवाएं, ताकि बीमारी का पता लगाया जा सके.
आईजीएमसी के एमएस डॉ. राहुल रॉव का कहना, “स्क्रब टायफस को लेकर हम सावधानी बरत रहे हैं. तेज बुखार वाले मरीजाें के स्क्रब टायफस के टेस्ट करवाए जा रहे हैं. लोगों को इस बीमारी को लेकर जागरूक रहने की जरूरत हैं”.
गौरतलब है बरसात के दिनों में स्क्रब टायफस के मामले बढ़ जाते हैं. जुलाई-अगस्त महीने में सबसे ज्यादा मरीज स्क्रब टायफस के आते हैं. बरसात होने के चलते घास ज्यादा उगती है, ऐसे में स्क्रब का खतरा बढ़ जाता है. ग्रामीण क्षेत्रों में घास अधिक होने के चलते स्क्रब टायफस पिस्सू लोगों को काटता है, जिससे मरीज को बुखार आ जाता हैं. समय पर इलाज न करवाएं तो ये जानलेवा भी हो सकता है.






