बड़सर/हमीरपुर, 14 अक्टूबर 2026
बिझड़ी में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक में विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने पार्टी के प्रति निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि संगठन के लिए मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं के योगदान की उचित कद्र होनी चाहिए। पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए, वहीं पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के मामलों में संगठन को गंभीरता से विचार कर उचित निर्णय लेना चाहिए।
लखनपाल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके निष्ठावान कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ता अपनी मेहनत, समर्पण और संघर्ष से पार्टी को मजबूत बनाते हैं, इसलिए उनके सम्मान और मनोबल का ध्यान रखना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल और एकजुटता के साथ पार्टी हित में काम करने तथा संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जमीनी स्तर पर पार्टी को और मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर चर्चा हुई। बैठक में बड़सर विधानसभा क्षेत्र में तीन माह के लिए नियुक्त संगठन विस्तारक विवेक भारद्वाज ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष यशवीर पटियाल, मंडल महामंत्री रवि कानूनगो, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव कुमार एवं कमल नयन, चकमोह पंचायत प्रधान एवं मंडल महामंत्री सोमदत्त शर्मा तथा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक आशीष ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


